डीआरएम से पत्रकार संघ ने की मुलाक़ात, नए साल में ट्रेनों की लेट लतीफी को सुधारने की रखी मांग
- Jay Kumar
- Jan 8
- 2 min read

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर अनुमंडल पत्रकर संघ ने गुरूवार को चक्रधरपुर रेल मंडल ( CKP DIVISION ) के डीआरएम तरुण हुरिया से उनके कार्यालय में औपचारिक मुलाक़ात की. इस मुलाक़ात में संघ के द्वारा मंडल में लेट चल रही ट्रेनों ( TRAIN LATE ) को लेकर डीआरएम से सकारात्मक कार्रवाई की मांग की गयी. इस खास मुलाक़ात में चक्रधरपुर अनुमंडल पत्रकार संघ के अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय, रवि मोहंती, बबलू मंडल, जय कुमार, सारंडा ज़ोन प्रेस क्लब के अध्यक्ष देव कुमार डे, अनिल कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे.
सबसे पहले संघ के द्वारा डीआरएम को नववर्ष की शुभकामनाएं दी गयी और रेल मंडल से इस वर्ष रेल यात्रियों के हित में जरुरी कदम उठाये जाने की उम्मीद की गयी. संघ के अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय ने डीआरएम का ध्यान आकर्षण करते हुए बताया कि पुरे रेल मंडल में ट्रेनों का परिचालन डगमगा सा गया है. रात की ट्रेनें दिन में और दिन की ट्रेनें रात में चल रही है.
आम रेल यात्री ट्रेनों के लेट चलने से त्राहिमाम कर रहे हैं. पत्रकार होने के नाते सभी अपने अपने मीडिया संस्थान में ट्रेन लेट चलने से हो रही परेशानी को लेकर खबर भी प्रकाशित कर रहे हैं. लेकिन जिम्मेदार रेल अधिकारी ट्रेन परिचालन को सुधारने में नाकाम हैं. ट्रेनों के लेट चलने से आम यात्रियों को भारी नुकसान रोजाना सहना पड़ रहा है. गरीबों का रोजगार छीन गया है तो छात्रों का पठन पाठन भी प्रभावित हो गया है. देश की लाइफ लाइन कही जाने वाली ट्रेन मंडल में प्रवेश करते ही रेंगने लगती है. लोग मंडल में यात्री ट्रेनों में सफ़र करने से तौबा करने लगे हैं.
इससे चक्रधरपुर रेल मंडल की छवि भी पुरे देश में खराब हो रही है. पत्रकारों की मांग को डीआरएम ने ध्यानपूर्वक सुनकर जल्द इस पर सकारात्मक बदलाव की बात कही है ताकि ट्रेन सही समय पर चल सकें. उन्होंने यह भी कहा कि चक्रधरपुर का सकेंड एंट्री स्टेशन भव्य रूप से बनकर तैयार हो रहा है. जहाँ रेल यात्रियों को कई सारी सुविधाएँ मिलेगी. मंडल के द्वारा यात्रियों को हर संभव सुविधा देने का प्रयास जारी है. विकास कार्यों के कारण ट्रेन प्रभावित हो रही हैं. जो कि बहुत जल्द ठीक हो जायेगा.









Comments