राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 4 और 5 पर पेयजल संकट, रेल यात्री परेशान

राउरकेला, ओडिशा: चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार और पाँच पर पिछले एक सप्ताह से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। दोनों प्लेटफार्म पर स्थित किसी भी वाटर बूथ में पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टेशन पर आने वाले रेल यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। दूर-दराज से आने वाले यात्री प्लेटफॉर्म पर उतरते ही पानी के लिए इधर-उधर भटकते नज़र आ रहे हैं।
सबसे अधिक दिक्कत जनरल कोच के यात्रियों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें मुफ्त पेयजल उपलब्ध न होने के कारण मजबूर होकर पानी खरीदी करनी पड़ रही है। कई यात्री ट्रेन से उतरकर वाटर बूथ तक पहुँच रहे हैं, लेकिन पानी न मिलने पर मायूस होकर वापस अपने कोच में लौट रहे हैं। रेल यात्रियों ने बताया कि यह स्थिति पिछले एक हफ्ते से बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से समस्या का समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यात्रियों का कहना है कि यात्रा के दौरान पेयजल की कमी उनके लिए बड़ी समस्या बनी हुई है और तत्काल व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है। रेल यात्रियों ने रेलवे विभाग से अपील की है कि प्लेटफॉर्म-4 और 5 पर पेयजल आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए, ताकि रेल यात्रियों को राहत मिल सके और यात्रा के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।





Comments