top of page

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में जमशेदपुर व बुंडू सम्मानित, झामुमो गदगद, भाजपा पर साधा निशाना

  • Writer: Jay Kumar
    Jay Kumar
  • Jul 18
  • 2 min read

ree


रांची  ( RANCHI ) : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में राज्य नें लगातार विकास की दिशा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं. इसी क्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में 3-10 लाख तक की आबादी वाले स्वच्छ शहरों में झारखंड के जमशेदपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ और वहीं बुंडू को झारखंड के प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर के रूप में चुना गया. गुरूवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 का परिणाम घोषित किया गया और बेहतर प्रदर्शन करनेवाले शहरों को सम्मानित भी किया गया. इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ,केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य विभाग के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने झारखंड सरकार, राज्य के नगर विकास विभाग और प्रदेश के नागरिकों खासकर जमशेदपुर और बुंडू के नागरिकों को इस सम्मान के लिए बधाई दी.



झामुमो महासचिव ने भाजपा पर साधा निशाना


स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में झारखंड के प्रदर्शन को लेकर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों का झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने करारा जवाब दिया है. झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा को शहरी विकास पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल की “विफलताओं और भ्रष्ट निकायों” का हिसाब देना चाहिए. उन्होंने कहा, “भाजपा का काम सिर्फ झूठ फैलाना और जनता को गुमराह करना रह गया है. हेमंत सरकार के कुशल नेतृत्व में झारखंड ने हाल ही में स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज की हैं. जमशेदपुर और बुंडू को राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्री द्वारा सम्मानित किया जाना इस बात का प्रमाण है कि झारखंड सही दिशा में है.”


ree

 

“74वें संशोधन पर भाजपा का प्रवचन हास्यास्पद”

74वें संविधान संशोधन को लेकर भाजपा के आरोपों पर पांडेय ने तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “जिन्होंने अपने शासनकाल में नगर निकायों को अफसरशाही के हवाले कर दिया और चुने हुए बोर्ड भ्रष्टाचार के अड्डे में तब्दील हो गए, वे आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं. हेमंत सरकार निकाय चुनाव को लेकर गंभीर है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही चुनाव कराएगी.”

 

भाजपा का काम सिर्फ सोशल मीडिया में शोर मचाना


 उन्होंने कहा, “भाजपा भूल रही है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति चिंताजनक थी. लेकिन 2017 से लगातार सुधार कर हेमंत सरकार ने झारखंड को स्वच्छता के क्षेत्र में एक मिसाल बनाया है. अब जमशेदपुर को फाइव स्टार रैंकिंग और कई शहरों को ODF++ श्रेणी में रखा गया है.”

 पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “जनता जानती है कि किसने झारखंड को सिर्फ लूट का अड्डा बनाया और किसने गरीब, किसानों, महिलाओं और मजदूरों की जिंदगी बदलने का काम किया. भाजपा का काम सिर्फ सोशल मीडिया पर शोर मचाना है, जबकि हेमंत सरकार जमीनी हकीकत बदल रही है.”


प्रधान सचिव और निदेशक की सराहना


नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार और SUDA निदेशक सूरज कुमार ने भी मुख्यमंत्री और जनता के सहयोग को इस सफलता का श्रेय देते हुए सभी नगर निकायों से आगामी सर्वेक्षण में और बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया.


 

 

Comments


bottom of page